स्मृति मंधाना और पलाश मुछाल की शादी रद्द, दोनों ने इंस्टाग्राम पर किया आधिकारिक ऐलान

नई दिल्ली : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना और मशहूर संगीतकार पलाश मुछाल का छह साल पुराना रिश्ता आखिरकार टूट गया। रविवार दोपहर दोनों ने लगभग एक साथ इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर शादी रद्द होने की आधिकारिक पुष्टि की।

23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली में होने वाली इस हाई-प्रोफाइल शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। 21 नवंबर को हल्दी और 22 नवंबर को मेहंदी की रस्में पूरी हो चुकी थीं। शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, रेणुका सिंह, राधा यादव जैसी टीम इंडिया की साथी खिलाड़ी भी पहुंची थीं। लेकिन शादी वाले दिन अचानक खबर आई कि स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं, जिस कारण शादी अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई। अगले ही दिन पलाश भी अस्वस्थ हो गए थे।

इसके बाद 17 दिनों तक चले सन्नाटे और सोशल मीडिया पर उड़ी अफवाहों को खत्म करते हुए स्मृति ने सबसे पहले रविवार दोपहर 1:08 बजे इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा:

“पिछले कुछ हफ्तों में मेरे निजी जीवन को लेकर काफी अटकलें लगाई गई हैं। मैं बहुत निजी इंसान हूं और इसे निजी ही रखना चाहती हूं, लेकिन मुझे स्पष्ट करना जरूरी लगा कि शादी रद्द कर दी गई है। मैं इस मामले को यहीं खत्म करना चाहती हूं और आप सबसे भी यही अनुरोध करती हूं। इस मुश्किल समय में दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करें। मेरा फोकस हमेशा की तरह देश के लिए खेलने और ट्रॉफी जीतने पर रहेगा। आप सबका प्यार और सपोर्ट हमेशा मिलता रहे, इसके लिए शुक्रिया। अब आगे बढ़ने का वक्त है।”

ठीक चार मिनट बाद पलाश मुछाल ने भी लंबा पोस्ट शेयर किया:

“मैंने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने और निजी रिश्तों से दूरी बनाए रखने का फैसला किया है। पिछले दिनों बिना किसी आधार के फैलाई जा रही अफवाहों को देखना मेरे लिए बेहद दुखद रहा। यह मेरे जीवन का सबसे कठिन दौर है। मैं अपने विश्वासों पर कायम रहकर इससे उबरूंगा। मेरी टीम झूठी और अपमानजनक अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। इस मुश्किल वक्त में साथ खड़े सभी लोगों का दिल से शुक्रिया।”

शादी टलने के बाद स्मृति ने अपने इंस्टाग्राम से शादी से जुड़ी सारी तस्वीरें डिलीट कर दी थीं, जिससे कयास और तेज हो गए थे। पलाश पर चीटिंग के आरोप तक लगे। कुछ दिन पहले पलाश वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के आश्रम में मास्क लगाकर नजर आए थे, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था।

दोनों ने कभी रिश्ता टूटने का सटीक कारण नहीं बताया, लेकिन संयुक्त रूप से दोनों परिवारों ने एक-दूसरे के प्रति सम्मान जताते हुए आगे बढ़ने का फैसला किया है।

क्रिकेट फैंस और संगीत प्रेमी इस खबर से स्तब्ध हैं। स्मृति जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगी, जबकि पलाश ने कहा है कि वे अपना पूरा ध्यान संगीत और आध्यात्म पर केंद्रित रखेंगे।

दोनों ने प्रशंसकों से एक ही अपील की – उनकी निजता का सम्मान करें और अफवाहें फैलाना बंद करें।

More From Author

पौड़ी में मानव-वन्यजीव संघर्ष पर CM धामी सख्त, सचिव एसएन पांडेय को दो दिन पौड़ी में कैंप करने के आदेश 

उत्तराखंड : बैग से 512 ग्राम चरस बरामद, महिला तस्कर गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts