स्कूल जाते समय कक्षा सात के छात्र पर भालू का हमला, साथी छात्र की बहादुरी से बची जान

पोखरी (चमोली)। जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर में कक्षा सात के छात्र पर शनिवार की सुबह स्कूल जाते समय भालू ने हमला कर दिया। गनीमत यह रही कि साथ के अन्य छात्र ने भालू पर पत्थर का वार कर उसे भागा दिया। इससे भालू के हमले से बच्चे की जान बच गई। घटना के अनुसार शनिवार की सुबह जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर में कक्षा सात के छात्र देवेश जब अपने साथी कक्षा छह के पकेश के साथ स्कूल जा रहा था तो अचानक झाडियों के बीच से निकल कर भालू ने देवेश के पैर पर हमला कर दिया। अपने साथी पर हमला होता देख पकेश ने साहस दिखाते हुए शोर मचाते हुए भालू पर पत्थर मारने शुरू किए इससे भालू जंगल की ओर भाग गया और देवेश की जान बच गई। हालांकि भालू के हमले से देवेश के पैर पर भालू के नाखूनों की हल्की खरोंचे आई है। घटना की पुष्टि करते हुए अध्यापक मनबर रावत ने बताया कि मामले की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। इसके बाद घायल छात्र देवेश को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी लाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया है।

उप वन क्षेत्राधिकारी बीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि देवेश के पैर पर भालू के बच्चे के नाखूनों के हल्के निशान हैं। प्राथमिक उपचार के बाद वन कर्मियों के साथ छात्र को सुरक्षित उसके घर छोड़ा जा रहा है। क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि छात्र को गंभीर चोट नहीं आई है और प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया है। पोखरी क्षेत्र में भालुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्कूली छात्र पर भालू के हमले के बाद अब अभिभावक अपने पाल्यों को स्कूल भेजने से भी डरने लगे है।

 

More From Author

दिल्ली में प्रदूषण का कहर बरकरार : घने कोहरे और स्मॉग से दृश्यता शून्य, AQI ‘खतरनाक’ श्रेणी में

T-20 विश्व कप और न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम घोषित: सूर्यकुमार यादव कप्तान, अक्षर पटेल उप-कप्तान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *