ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने की REAP-ग्रामोत्थान की समीक्षा, समयबद्ध लक्ष्य व बजट के शत-प्रतिशत उपयोग के निर्देश

देहरादून : ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने कैंप कार्यालय में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित रूरल एंटरप्राइज एक्सेलेरेशन प्रोजेक्ट – ग्रामोत्थान (REAP) की विभागीय समीक्षा की। इस दौरान मंत्री ने परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने योजना के अंतर्गत आवंटित वित्तीय बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना और अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाना है, इसलिए कार्यों में तेजी और पारदर्शिता आवश्यक है।

ग्राम्य विकास मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक महिलाओं को क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF), किसान उत्पादक संगठन (FPO) एवं स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन के लिए ठोस एवं परिणामोन्मुखी प्रयास किए जाएं। उन्होंने वे-साइट एमिनिटी (Way Side Amenity) निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए, ताकि स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिल सके और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों।

ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने कृषि एवं गैर-कृषि आधारित क्लस्टर-आधारित उद्यमों के विकास पर विशेष बल देते हुए कहा कि चयनित वैल्यू चेन के माध्यम से ग्रामीण उद्यमिता को मजबूती दी जाए। उन्होंने “पशु सखी” जैसी पहलों के माध्यम से डिजिटल सशक्तिकरण को गति देने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, पशुपालकों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए मोबाइल फोन वितरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि तकनीक के माध्यम से उत्पादकता और आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर परियोजना निदेशक झरना कमठान, वित्त नियंत्रक भूपेंद्र कांडपाल, उप निदेशक रिप महेंद्र सिंह यादव सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

More From Author

राजकीय प्राथमिक विद्यालय नौगाँव में शुरू हुआ SwiftSchool का संचालन, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा – स्विफ़्ट स्कूल में छात्रों को मिलेगा सीखने बेहतर अवसर

उत्तराखंड शासन ने किए IAS और PCS अधिकारियों के ट्रांसफर, रुद्रप्रयाग के बदले डीएम, देखों सूचि ………..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *