नार्कोटिक दवाओं के अभिलेख न देने पर ज्वालापुर में दो फर्मों पर कार्रवाई, लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति

हरिद्वार । नार्कोटिक एवं मन प्रभावी औषधियों की अवैध बिक्री पर सख्ती जारी रखते हुए औषधि विभाग ने ज्वालापुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। दिनांक 11 फरवरी 2026 को अपर आयुक्त, फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन, उत्तराखंड, देहरादून से प्राप्त निर्देशों के क्रम में तथा उप औषधि नियंत्रक द्वारा गठित त्वरित कार्यवाही दल (QRT) के अनुपालन में ज्वालापुर क्षेत्र में औषधि विक्रेताओं का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया।

वरिष्ठ औषधि निरीक्षक अनीता भारती के नेतृत्व में “सेफ ड्रग, सेफ लाइफ अभियान” के अंतर्गत कोडीन युक्त कफ सिरप एवं स्वापक व मन प्रभावी औषधियों की अवैध बिक्री की रोकथाम हेतु यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान वैभव मेडिकोज, सराय रोड, ज्वालापुर तथा कुमार केमिस्ट, आर्यनगर, ज्वालापुर में नार्कोटिक दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख उपलब्ध न कराने सहित गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए दोनों फर्मों की क्रय-विक्रय गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाते हुए प्रतिष्ठानों को बंद कराया गया, साथ ही संबंधित फर्मों को निर्गत औषधि विक्रय लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति किए जाने की कार्यवाही की जा रही है। इसके अतिरिक्त निरीक्षण के दौरान 04 अन्य औषधि विक्रेता फर्मों को मौके पर कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि स्वापक एवं मन प्रभावी औषधियों के क्रय-विक्रय में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उक्त निरीक्षण दल में औषधि निरीक्षक हरिद्वार हरिश सिंह, औषधि निरीक्षक मेघा, औषधि निरीक्षक टिहरी ऋषभ धामा, औषधि निरीक्षक हार्दिक भट्ट व औषधि निरीक्षक देहरादून विनोद जगूड़ी शामिल रहे।

More From Author

डालनवाला गोलीकाण्ड : आईजी गढ़वाल ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश, कानून व्यवस्था पर राजधानी के क्षेत्राधिकारियों को सख्त निर्देश, जवाबदेही होगी तय

औषधि विभाग की नारकोटिक दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्ती, हरिद्वार में QRT गठित कर सघन छापेमारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *