विजिलेंस की सिविल हॉस्पिटल रुड़की में बड़ी कार्रवाई, 20 हजार की रिश्वत लेते डॉक्टर को रंगे हाथ किया गिरफ्तार

रुड़की : सिविल अस्पताल में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब देहरादून से पहुंची विजिलेंस टीम ने एक डॉक्टर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस टीम ने सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर आभास सिंह को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।

जानकारी के अनुसार, डॉक्टर आभास सिंह का करीब एक माह पूर्व मसूरी से रुड़की के सिविल अस्पताल में स्थानांतरण हुआ था। शनिवार रात वह सिविल अस्पताल की इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने अस्पताल पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

विजिलेंस टीम के अनुसार, डॉक्टर आभास सिंह पर मारपीट के एक मामले में घायल व्यक्ति से लीगल सप्लीमेंट्री रिपोर्ट तैयार करने के नाम पर 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। पीड़ित ने इसकी शिकायत देहरादून स्थित विजिलेंस कार्यालय में की थी, जिसके बाद टीम ने सत्यापन कर जाल बिछाया।

योजना के तहत शनिवार देर शाम विजिलेंस टीम शिकायतकर्ता को लेकर रुड़की सिविल अस्पताल पहुंची। शिकायतकर्ता ने डॉक्टर को ब्लड बैंक के पास बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे 20 हजार रुपये डॉक्टर को सौंपे, उसी समय विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।

इसके बाद विजिलेंस टीम डॉक्टर को उनके सरकारी आवास लेकर पहुंची, जहां तलाशी ली गई। आवास की तलाशी और घंटों चली पूछताछ के बाद विजिलेंस टीम ने डॉक्टर आभास सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम डॉक्टर को अपने साथ देहरादून ले गई। फिलहाल विजिलेंस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

More From Author

त्रिपुरा के छात्र की हत्या के मामले में सरकार सख्त, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा-ऐसी घटना कतई स्वीकार्य नही

मन की बात से समाज सेवा और नवाचार को मिल रही नई ऊर्जा – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *